CG : सोते समय मामा-भांजी को करैत सांप ने डसा, 10 वर्षीय बच्च... - CG Sandesh

CG : सोते समय मामा-भांजी को करैत सांप ने डसा, 10 वर्षीय बच्ची की मौत, युवक की हालत गंभीर

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाराडोल के देवाडांड गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही परिवार के दो लोगों को सोते समय करैत सांप ने डस लिया। इस घटना में 10 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका 23 वर्षीय मामा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

जानकारी के अनुसार, देवाडांड गांव निवासी 10 वर्षीय छोटी और उसके 23 वर्षीय मामा पवन सिंह सोमवार सुबह घर में सो रहे थे। इसी दौरान दोनों को करैत सांप ने डस लिया। शुरुआत में परिजनों को शरीर पर सांप के काटने के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखाई दिए, जिससे उन्हें घटना का अंदेशा नहीं हुआ और दोनों को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया।

करीब चार घंटे बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन दोनों को मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर वाले अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया।

अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में ही 10 वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया। वहीं पवन सिंह का मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में उपचार जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

करैत सांप के काटने पर नहीं दिखते स्पष्ट निशान

डॉक्टरों के अनुसार, करैत सांप के काटने पर कई बार शरीर पर कोई स्पष्ट निशान दिखाई नहीं देता। यही वजह रही कि परिजन खतरे को समय पर नहीं समझ सके और इलाज में देरी हो गई।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा यदि सांप दिखाई दे या सांप के काटने की आशंका हो तो बिना किसी देरी के तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें