नकटी के बाद अब तूता में कार्रवाई की तैयारी, 36 परिवारों को म... - CG Sandesh

नकटी के बाद अब तूता में कार्रवाई की तैयारी, 36 परिवारों को मकान तोड़ने का नोटिस

अभनपुर : ग्राम नकटी में 85 मकानों को लेकर विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने तूता गांव में कथित अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने गांव के 36 परिवारों को उनकी भूमि पर बने मकानों को लेकर नोटिस जारी किया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

6 जुलाई तक मांगा जवाब, नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी

प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस में संबंधित परिवारों को 6 जुलाई 2026 तक अपना जवाब प्रस्तुत करने और उसी दिन सुबह 11 बजे कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का दावा—20 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने

नोटिस मिलने के बाद प्रभावित परिवारों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें से करीब 20 परिवारों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को अचानक बेघर करने की तैयारी उचित नहीं है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने किया गांव का दौरा

नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल तूता गांव पहुंचा और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों को मकान तोड़ने का नोटिस देना उनके जीवन और सम्मान पर सीधा प्रहार है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। बिना समुचित व्यवस्था के लोगों को बेघर करना संवेदनहीनता का परिचायक है।

सोमवार को प्राधिकरण कार्यालय पहुंचेगी कांग्रेस

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने घोषणा की कि वह सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर इस मामले में अधिकारियों से चर्चा करेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि गरीब परिवारों के साथ अन्याय हुआ तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में पीसीसी प्रदेश सचिव प्रवीण साहू, ब्लॉक अध्यक्ष विद्याभूषण सोनवानी, विमल साहू, तुलेश साहू, यशवंत साहू, ग्राम खंडवा के सरपंच जगदीश भारती, शैलेंद्र यादव, यशवंत सिन्हा, मनमोहन कोसले, गोवर्धन साहू, जितेंद्र पटेल, नीलकंठ मार्कण्डेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें