खैरागढ़: उफनती नदी में ट्रैक्टर उतारकर निकला किसान परिवार, व... - CG Sandesh

खैरागढ़: उफनती नदी में ट्रैक्टर उतारकर निकला किसान परिवार, वीडियो ने बढ़ाई चिंता

खैरागढ़ : जिले में बीती रात से हो रही झमाझम बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। अच्छी बारिश से धान की बुवाई कर रहे किसानों के चेहरे जरूर खिल उठे हैं, लेकिन जलभराव और तेज बहाव अब खतरे की वजह भी बन रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण सलोनी, कातलवाही सहित कई गांवों की गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसी बीच धनगांव से सामने आया एक वीडियो चिंता बढ़ाने वाला है। वीडियो में खेत से धान की बुवाई कर लौट रहा एक किसान परिवार उफनती नदी को ट्रैक्टर सहित पार करता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, जिस स्थान से किसान परिवार नदी पार कर रहा था, वहां से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर एक सुरक्षित पुल मौजूद है। इसके बावजूद शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में परिवार ने तेज बहाव वाली नदी में ट्रैक्टर उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

इधर, मौसम विभाग ने खैरागढ़ जिले में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुल-पुलियों के ऊपर पानी होने की स्थिति में नदी-नाले पार करने का प्रयास न करें और अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें।

प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करने और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश के बीच यह घटना एक बार फिर सावधानी बरतने की आवश्यकता की याद दिलाती है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें