गरियाबंद : सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया ने... - CG Sandesh

गरियाबंद : सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया नेशनल हाईवे जाम, पुलिस ने एक घंटे बाद खुलवाया रास्ता

गरियाबंद : जिले के देवभोग विकासखंड के मुड़ागांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-130सी पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश भी शामिल हुए। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहने के बाद पुलिस और प्रशासन ने समझाइश देकर जाम समाप्त कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि करलाकोट गांव में सीसी सड़क नहीं होने से बरसात के दौरान गांव की एकमात्र सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई। इस बीच कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे और गांव का दौरा कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया।

सुखचंद बेसरा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भाजपा के नेताओं की मांगें ही पूरी नहीं हो रही हैं तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने सरकार के विकास संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी और सड़क निर्माण की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें