CG : तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्ता... - CG Sandesh

CG : तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

कोंडागांव। जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, फरसगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उनके पिता और बुआ का नाम दर्ज (जोड़ने) के एवज में रीडर मुकेश रंगारी द्वारा 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 35 हजार रुपये (15 हजार और 20 हजार रुपये) दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये ले रहा था, तभी पहले से तैनात ACB टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ACB के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि मामले की जांच जारी है और जांच में अन्य किसी की भूमिका मिलने पर उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद फरसगांव तहसील कार्यालय में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ इसे ACB की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें