रायगढ़: लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी के दो संचालकों पर एफआई... - CG Sandesh

रायगढ़: लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी के दो संचालकों पर एफआईआर, निर्माण में लापरवाही आई सामने

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम चिराईपानी स्थित ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी में लेबर क्वार्टर पर बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मर्ग जांच के दौरान निर्माण में लापरवाही के तथ्य सामने आने के बाद कंपनी के संचालक दयानंद अग्रवाल और शंकर अग्रवाल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को आए आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कंपनी परिसर के पास स्थित बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा पास बने लेबर क्वार्टर पर आ गिरा, जिससे वहां रह रहे मजदूर रंभा यादव, सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी मलबे में दब गए।

तीनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रंभा यादव की मौत हो गई। वहीं सुनील परमार और रिंकी डेलकी का इलाज अभी भी जारी है।

मर्ग जांच में पुलिस को पता चला कि कंपनी संचालकों ने अपने क्रशर प्लांट परिसर में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। प्रारंभिक जांच में निर्माण संबंधी लापरवाही सामने आने पर थाना पूंजीपथरा में दोनों संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तकनीकी और कानूनी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें