सरायपाली : कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी कार्... - CG Sandesh

सरायपाली : कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, जोगनीपाली स्थित उर्वरक गोदाम से 978 बोरी उर्वरक जब्त

किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरक भंडारण एवं विक्रय में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सरायपाली विकासखंड के ग्राम जोगनीपाली स्थित एक उर्वरक गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स, सरायपाली के स्वामित्व वाले गोदाम का भौतिक सत्यापन किया। जांच में गोदाम में 440 बोरी यूरिया, 250 बोरी 20:20:0:13 तथा 288 बोरी एस.एस.पी.सहित कुल 978 बोरी उर्वरक भंडारित पाया गया।

निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान संचालक द्वारा उर्वरक भंडारण केंद्र से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली अनुपमा आनंद की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के खंड 28(1)(डी), प्रोफार्मा-2, प्रोफार्मा-2ए एवं प्रोफार्मा-4 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम द्वारा उक्त भंडारण केंद्र को सील करते हुए वहां मौजूद कुल 978 बोरी उर्वरक को जब्त किया। जब्त उर्वरक को आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स, सरायपाली को सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

कृषि विभाग ने बताया कि जिले में उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें