रायगढ़ : राज्यपाल के नाम नाई समाज ने सौंपा ज्ञापन, आरोपी को ... - CG Sandesh

रायगढ़ : राज्यपाल के नाम नाई समाज ने सौंपा ज्ञापन, आरोपी को फांसी और स्कूल प्रबंधन की जांच की मांग

रायगढ़ : बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण के मामले को लेकर रायगढ़ नाई समाज ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा देने तथा स्कूल प्रबंधन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि छात्रा ने कथित घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और स्टाफ को दी थी, लेकिन समय रहते आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। समाज का आरोप है कि शिकायत को गंभीरता से लिया जाता तो आरोपी की कथित गतिविधियों पर पहले ही रोक लगाई जा सकती थी। ऐसे में मामले में स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।

नाई समाज ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाना जरूरी है।

इसके अलावा समाज ने कलेक्टर को एक अलग ज्ञापन सौंपकर जिले में संचालित स्पा सेंटर और पार्लरों को रात 10 बजे तक बंद कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि इससे अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें