बिलासपुर दौरे पर भूपेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला, खाद, बिजल... - CG Sandesh

बिलासपुर दौरे पर भूपेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला, खाद, बिजली और महंगाई को लेकर उठाए सवाल

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने बिलासपुर दौरे के दौरान प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने खाद संकट, बढ़ती बिजली दरों, महंगाई और पेयजल समस्या को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे "डबल मार" सरकार करार दिया।

बिलासपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है और सरकार के पास खाद की उपलब्धता का कोई स्पष्ट आंकड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि कुप्रबंधन के कारण किसानों को महंगे उर्वरक खरीदने पड़ रहे हैं और नकली खाद की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में बिजली बिल में पांच बार वृद्धि की गई है, जिससे कुल बढ़ोतरी 31.23 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की "बिजली बिल हाफ" योजना को बंद कर दिया गया है, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, खेती की बढ़ती लागत और मौसम की अनिश्चितता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अल-नीनो के प्रभाव और बदलते मौसम के कारण प्रदेश के किसानों और आम जनता को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जनहित से जुड़े मुद्दों पर बहस तेज होने की संभावना है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है, जबकि सरकार की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें