मासूमों के भविष्य पर ताला : पामगढ़ में समय पर नहीं खुल रहे आ... - CG Sandesh

मासूमों के भविष्य पर ताला : पामगढ़ में समय पर नहीं खुल रहे आंगनबाड़ी केंद्र, घंटों इंतजार करते रहे बच्चे

जांजगीर-चांपा : पामगढ़ परियोजना क्षेत्र से सामने आई तस्वीरें सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। एक ओर जिला कलेक्टर लगातार निरीक्षण कर आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित समय पर संचालित करने के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई केंद्रों में सुबह 7 बजे के बाद भी ताले लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे छोटे बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।

सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित किए जाएं, ताकि बच्चों को समय पर पोषण आहार मिल सके और उन्हें प्रारंभिक शिक्षा का लाभ मिल सके। लेकिन पामगढ़ परियोजना क्षेत्र में इन आदेशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कई केंद्रों में बच्चे सुबह से ही पहुंच जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें बंद दरवाजे और लटकते ताले ही दिखाई देते हैं। बच्चे घंटों तक कार्यकर्ता और सहायिका के आने का इंतजार करते रहते हैं।

इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्र समय पर क्यों नहीं खुल रहे हैं? बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ हो रही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है? और विभागीय अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि परियोजना क्षेत्र के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबे समय से समय पर संचालन नहीं हो रहा है। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या लापरवाह कर्मचारियों को संरक्षण दिया जा रहा है या फिर इस गंभीर समस्या को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है।

आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं। सरकार इन योजनाओं के संचालन पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, ताकि जरूरतमंद बच्चों तक इसका लाभ पहुंच सके। लेकिन यदि केंद्र ही समय पर नहीं खुलेंगे तो इन योजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।

अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें