22 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई डीएलएड प्रवे... - CG Sandesh

22 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हुई डीएलएड प्रवेश परीक्षा, 82 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा गुरुवार को डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रवेश परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले में परीक्षा के लिए 22 केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 6712 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।

सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। हालांकि सुबह 8 बजे से ही विभिन्न केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी।

शिक्षक बनने का सपना लेकर बड़ी संख्या में युवाओं ने डीएलएड प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर अपेक्षाकृत कठिन था, हालांकि अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित थे।

परीक्षा में कुल 6712 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5532 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1180 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में लगभग 82 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं परीक्षा संचालन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। नकल रोकने और परीक्षा की निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल, नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इयरफोन, बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन पर संतोष व्यक्त किया है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें