विशेष ग्राम सभा में सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया का अवलोकन करन... - CG Sandesh

विशेष ग्राम सभा में सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया का अवलोकन करने पहुंचे संचालक डॉ. जितेन्द्र सिंगरौल

ग्राम पंचायत पुछेली, विकासखंड पथरिया, जिला मुंगेली में सामाजिक अंकेक्षण विशेष ग्राम सभा का आयोजन छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंगरौल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद किया तथा जनसहभागिता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

संचालक डॉ. सिंगरौल ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि जनता को शासन की प्रक्रियाओं से जोड़ते हुए जवाबदेही और पारदर्शिता को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में ग्रामीणों की सक्रिय उपस्थिति एवं सहभागिता ही सामाजिक अंकेक्षण की सबसे बड़ी ताकत है। गुणवत्ता पूर्ण कार्यों और ईमानदार रिपोर्टिंग से ही शासन एवं जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होता है।

इस अवसर पर जिला समन्वयक सत्यम पटेल ने पंचायती राज अधिनियम, ग्राम सभा की संवैधानिक भूमिका तथा 1 जुलाई से लागू होने वाले VB-G-RAMG विभिन्न प्रावधानों एवं नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी तथा जनभागीदारी के महत्व से अवगत कराते हुए सामाजिक अंकेक्षण को लोकतांत्रिक जवाबदेही का प्रभावी माध्यम बताया.

विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं उनकी गुणवत्ता पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। संचालक द्वारा सामाजिक अंकेक्षण की पारदर्शी प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया गया तथा ग्रामवासियों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से सुना गया।

ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उनके क्षेत्र में पहली बार इस प्रकार की प्रभावी, संवादात्मक एवं जनकेंद्रित सामाजिक अंकेक्षण विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई है, जिससे उन्हें अपने अधिकारों, ग्राम सभा की शक्तियों तथा विकास कार्यों की निगरानी संबंधी प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का समापन जनभागीदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

कार्यक्रम में ब्लॉक सामाजिक अंकेक्षण प्रदाता मणिशंकर बघेल, सरपंच श्रीमती संतोषी लहरे, पंचायत सचिव राजकुमार नवरंग, रोजगार सहायक संदेश कुमार बघेल, ग्राम सभा अध्यक्ष हरिचंद मरकाम तथा सामाजिक अंकेक्षण दल के सदस्य जलेश्वर साहू एवं इंद्रजीत नवरंग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें