चुनाव आयोग ने कानूनी रणनीति को किया मजबूत, वकीलों के साथ हुई... - CG Sandesh

चुनाव आयोग ने कानूनी रणनीति को किया मजबूत, वकीलों के साथ हुई अहम बैठक

नई दिल्ली : निर्वाचन आयोग ने अपने कानूनी ढांचे को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नई दिल्ली में आयोग का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का उद्घाटन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों की नींव निष्पक्ष मतदाता सूचियां होती हैं। उन्होंने मतदाता सूची के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ स्तर एजेंटों (बीएलए) की सराहना करते हुए कहा कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सैनिकों की तरह कार्य कर रहे हैं।

ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में असम, केरल, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन राज्यों में उच्च स्तर की लोकतांत्रिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

उन्होंने देशभर की अदालतों में निर्वाचन आयोग का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए आयोग से जुड़े वकीलों के समर्पण और योगदान की भी प्रशंसा की।

बैठक में सर्वोच्च न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों में निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ताओं के अलावा आयोग के मुख्य चुनाव अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक के दौरान निर्वाचन संबंधी कानूनी मामलों और संस्थागत मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें