18 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की बड़ी... - CG Sandesh

18 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा : जिले में “पैसा डबल” करने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर, निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। आरोपी ने ग्राम चेउडीह निवासी प्रार्थी कार्तिकेश्वर रात्रे को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी होने का लालच दिया।

आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। पैसे की व्यवस्था के लिए प्रार्थी ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी उधार लिया था।

इसके बाद आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही रकम वापस की गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने 20 मई 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने या फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार के निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें