CG : ब्लेड से गर्दन पर हमला कर मितानिन की हत्या, बचाने पहुंच... - CG Sandesh

CG : ब्लेड से गर्दन पर हमला कर मितानिन की हत्या, बचाने पहुंचे पति और बेटे भी घायल

देवभोग। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की कथित तौर पर ब्लेड से गर्दन पर हमला कर हत्या कर दी गई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पति और बेटे भी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान छबीलता यादव के रूप में हुई है, जो गांव में मितानिन के रूप में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ होटल व्यवसाय में भी हाथ बंटा रही थीं। इसी दौरान आरोपी देवीसिंह ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक आरोपी ने महिला की गर्दन पर ब्लेड से वार किया। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को बचाने पहुंचे उनके पति और बेटों पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वे भी लहूलुहान हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। महिला की मौत के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें