नहर किनारे मिला युवक का शव, दो दिन पहले बिलासपुर जाने की कहक... - CG Sandesh

नहर किनारे मिला युवक का शव, दो दिन पहले बिलासपुर जाने की कहकर घर से निकला था मृतक

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम कोटमीसोनार स्थित क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लक्ष्मी नारायण ओगरे निवासी ठडगा बहरा के रूप में हुई है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर तेज गर्मी और अधिक शराब सेवन के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने नहर किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी और पहचान के दौरान मृतक की पहचान बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम ठडगा बहरा निवासी लक्ष्मी नारायण ओगरे के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी नारायण दो दिन पहले बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक मजदूरी का काम करता था और उसके दो बच्चे हैं।

पुलिस को मृतक के पास से थैले में महुआ शराब भी मिली है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तेज धूप और अधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें