पुलिस लाइन उर्दना में आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण, फिटनेस औ... - CG Sandesh

पुलिस लाइन उर्दना में आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण, फिटनेस और वेलनेस पर दिया गया जोर

रायगढ़ पुलिस लाइन उर्दना में आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रिबन काटकर जिम का शुभारंभ किया और जिम परिसर में स्थापित भगवान हनुमान जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने जिम में उपलब्ध अत्याधुनिक फिटनेस मशीनों और सुविधाओं का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में फिटनेस और वेलनेस का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मानसिकता के लिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आधुनिक जिम पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को भी स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस दौरान रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त, स्वस्थ और फिट बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित किया जाता है और इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पुलिस जिम में अत्याधुनिक मशीनों का अपग्रेडेशन किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि इस आधुनिक फिटनेस सुविधा का लाभ केवल पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों और स्थानीय युवाओं को भी इसका फायदा मिलेगा। इससे समाज में स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें