CG : विधवा पेंशन बंद होने से बढ़ी परेशानी, भुगतान नहीं मिलने... - CG Sandesh

CG : विधवा पेंशन बंद होने से बढ़ी परेशानी, भुगतान नहीं मिलने पर हितग्राहियों में नाराजगी

रायगढ़ जिले में विधवा पेंशन योजना की राशि अक्टूबर 2025 से बंद होने के कारण हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने की वजह से जरूरतमंद महिलाओं के सामने रोजमर्रा के खर्च और भरण-पोषण का संकट गहरा गया है।

पेंशन भुगतान में हो रही देरी से नाराज महिलाओं ने कुछ समय पहले बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन और घेराव किया था। इस दौरान हितग्राहियों ने प्रशासन से जल्द लंबित राशि जारी करने की मांग की थी। प्रदर्शन के समय प्रशासन की ओर से शीघ्र भुगतान का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।


पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि शासन नई योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में व्यस्त है, जबकि पुरानी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि विधवा पेंशन जैसी योजनाएं जरूरतमंद महिलाओं के लिए जीवनयापन का बड़ा सहारा होती हैं।

हितग्राही अंजना सिंह ने बताया कि वह पूरी तरह विधवा पेंशन की राशि पर निर्भर हैं। कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जब वह नगर निगम कार्यालय जाती हैं तो उन्हें समाज कल्याण विभाग भेज दिया जाता है, जबकि समाज कल्याण विभाग के अधिकारी ऊपर से राशि नहीं मिलने की बात कहकर जिम्मेदारी टाल रहे हैं।

हितग्राहियों ने शासन और प्रशासन से जल्द लंबित पेंशन राशि जारी करने की मांग की है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को राहत मिल सके और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें