सक्ती में बड़ा औद्योगिक हादसा, वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर... - CG Sandesh

सक्ती में बड़ा औद्योगिक हादसा, वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 20 मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक

सक्ती, छत्तीसगढ़। जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को हुए भीषण हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

दोपहर में अचानक हुआ जोरदार धमाका, प्लांट में मची अफरा तफरी

जानकारी के अनुसार प्लांट में रोजाना की तरह काम चल रहा था, तभी करीब दोपहर 2 बजे अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि पूरे परिसर में अफरा तफरी मच गई और मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई।हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।


राहत और बचाव कार्य तेज, प्रशासन मौके पर मौजूद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को सुरक्षित निकालने और इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, जांच के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन को मौके पर रहकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

औद्योगिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, जांच पर टिकी निगाहें

इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासनिक जांच शुरू हो चुकी है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।




author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें