CG : बड़ा हादसा : सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 4 की म... - CG Sandesh

CG : बड़ा हादसा : सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 4 की मौत, 20 घायल

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों की पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिले के कापू थाना क्षेत्र के मड़वाताल–जमरगा मार्ग पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब बंगरसुता गांव के ग्रामीण गोसाईपोड़ी गांव में आयोजित फलदान कार्यक्रम से लौट रहे थे। रणविजय राठिया के घर सगाई समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे।रात करीब 8 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में पलट गया।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।इलाज के दौरान दो लोगों की मौत धर्मजयगढ़ अस्पताल में हुई, जबकि दो अन्य घायलों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है और कुछ लोग घायल हैं।गंभीर घायलों का इलाज जारी है।हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। खुशियों से भरा सगाई समारोह पलभर में मातम में बदल गया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें