CG: बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 12वीं की छात्रा की मौत, तीसरी ... - CG Sandesh

CG: बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 12वीं की छात्रा की मौत, तीसरी मंजिल से गिर कर गई जान

रायगढ़। जिले में बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में 12वीं की छात्रा अनन्या सर्वे की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। दुखद संयोग यह रहा कि आज ही उसकी बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था।

जानकारी के अनुसार, अनन्या सर्वे अपने परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर के टाइप-6 आवास की तीसरी मंजिल पर रहती थी। उसके पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे अनन्या परीक्षा की तैयारी के बीच ताजी हवा के लिए छत पर टहलने गई थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे कंक्रीट पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिर की गंभीर चोट ही मौत का मुख्य कारण बनी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

बताया जा रहा है कि छात्रा का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव गनियारी, जिला बिलासपुर में किया जाएगा। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि करीब सात वर्ष पहले भी इसी बिल्डिंग से गिरकर एक महिला की मौत हुई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और छतों की रेलिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल चक्रधर नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना परीक्षा के दौरान छात्रों की सुरक्षा और मानसिक दबाव को लेकर भी गंभीर संदेश देती है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें