CG : करंट लगने से ठेका कर्मी की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर कि... - CG Sandesh

CG : करंट लगने से ठेका कर्मी की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

बिलासपुर/सीपत। बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में खम्हरिया सब स्टेशन में कार्यरत एक ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान मुंशीराम कांगो के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर परिजन और ग्रामीण सीपत विद्युत कार्यालय पहुंचे और घंटों प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा, नौकरी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि बिना विभागीय आदेश के शरद दुबे नामक एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा निजी प्लाट में बिजली कनेक्शन जोड़वाने के लिए मुंशीराम को बुलाया गया था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

ठेकेदार और अफसर नदारद, गुस्से में परिजन

प्रदर्शन के दौरान ठेकेदार और कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे परिजन और ग्रामीण और भड़क उठे। घटना को लेकर सिस्टम की लापरवाही और अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर लोगों ने गहरा रोष जताया।

इस बीच विभाग के अन्य ठेका कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से ₹10,000 की आर्थिक मदद दी, मगर परिजनों ने इसे नाकाफी बताते हुए विरोध जारी रखा।

अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत

करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद, मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ। अधिकारियों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर विचार करने की बात कही है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें