बस पलटने से 11 यात्रियों की मौत, 25 घायल - CG Sandesh

बस पलटने से 11 यात्रियों की मौत, 25 घायल

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार दोपहर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस पलट जाने से कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ‘शिव शाही’ नाम से सेवा प्रदान करने वाली एमएसआरटीसी की बस 36 यात्रियों को लेकर भंडारा से गोंदिया जिले की ओर जा रही थी, लेकिन सड़क अर्जुनी तालुका के खजरी गांव में अचानक सामने आए दोपहिया वाहन से टकराने से बचने के लिए चालक ने ब्रेक लगाया जिससे बस पलट गई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई इस दुर्घटना में 11 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है।

उन्होंने कहा कि 11 मृतकों में से अब तक नौ की पहचान हो चुकी है, जबकि 50 वर्षीय दो अन्य की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में 32 वर्षीय एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है, जिसकी पहचान जिले के अर्जुनी मोरगांव की स्मिता विक्की सूर्यवंशी के रूप में हुई है।

उनके पति पुलिस विभाग में काम करते थे और कुछ साल पहले किसी बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। उन्हें अनुकंपा के आधार पर विभाग में नौकरी दी गई थी और वर्तमान में वह गोंदिया में पुलिस मुख्यालय में तैनात थीं। पुलिस ने बताया कि वह अपने ससुराल वालों और एक बेटे के साथ रहती थीं और अपने परिवार से मिलने के बाद ड्यूटी पर लौट रही थीं। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। शिंदे ने गोंदिया के जिलाधिकारी से बात की और निर्देश दिया कि सभी घायल यात्रियों को उचित इलाज और चिकित्सीय देखभाल प्रदान की जाए। एक बयान में उनके हवाले से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर उन्हें विशेष उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया जाना चाहिए और इसका खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

निवर्तमान सरकार में उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में फडणवीस ने कहा कि यदि आवश्यक हो तो घायल यात्रियों का इलाज निजी अस्पतालों में किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने गोंदिया के जिलाधिकारी से भी कहा है कि अगर जरूरत पड़े तो घायलों को इलाज के लिए नागपुर ले जाने की व्यवस्था करें।’’ फडणवीस ने बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत पहुंचाने के प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’ लगभग 15,000 बसों के बेड़े के साथ एमएसआरटीसी देश के सबसे बड़े सार्वजनिक परिवहन निगमों में से एक है। निगम की बसों में रोजाना करीब 60 लाख यात्री सफर करते हैं।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें