SI भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर टंकी में चढ़े दो ... - CG Sandesh

SI भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर टंकी में चढ़े दो युवक...

जयपुर में दो युवक एसआई भर्ती-2021 को रद्द करने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। पानी की टंकी पर चढ़े दोनों युवक खुद को बेरोजगार बता रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि लादूराम चौधरी (35) और विकास बिधूड़ी (34) रविवार दोपहर को हिम्मत नगर इलाके में एक ओवरहेड पानी की टंकी की सीढ़ी से चढ़ गए थे और अंतिम जानकारी मिलने तक उन्होंने नीचे उतरने से इनकार कर दिया है। बजाज नगर की थानाधिकारी ममता मीणा ने कहा, ‘‘दोनों ने पानी की टंकी से नीचे उतरने से इनकार कर दिया है। उन्हें मनाने के प्रयास जारी हैं। वे उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं।''

उन्होंने कहा कि लादूराम ने उप निरीक्षक परीक्षा 2021 दी थी। युवाओं ने अपनी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करने के लिए टंकी पर एक बैनर लगाया है। 

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने यह परीक्षा रद्द करने या न करने का फैसला करने के लिए एक अक्टूबर को छह मंत्रियों की एक कैबिनेट समिति बनाई थी। परीक्षा में 800 से अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए थे और पुलिस अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहे थे। लेकिन प्रश्नपत्र लीक का मामला सामने आने के बाद इनमें से 50 प्रशिक्षु एसआई को गिरफ्तार किया गया है।

मामले की जांच राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा की जा रही है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की समीक्षा के लिए गठित छह सदस्यीय कैबिनेट समिति का संयोजक बनाया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम और सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री मंजू बाघमार समिति के सदस्य हैं।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें