अब मंत्रालय में प्रवेश होगा ऑनलाइन और आसान, कोई प्रतीक्षा नहीं, कोई क़तार नहीं, कोई देरी नहीं
रायपुर। सुशासन मंत्र को चरितार्थ करते हुए विष्णुदेव सरकार नया रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी में आम लोगों के प्रवेश को ऑनलाइन और आसान बनाने जा रही है। इसके लिए स्वागतम् नाम से पोर्टल काम करना शुरू कर देगा। जिसमें ऑनलाइन रजिस्टर्ड कर लोग आसानी से अपना प्रवेश पत्र पा सकेंगे।
भाजपा की नई विष्णुदेव सरकार शुरु से ही नया रायपुर पर फ़ोकस कर रही है। सरकार के मंत्री नियमित रुप से मंत्रालय में बैठने लगे है। ऐसे में प्रदेश के कोने-कोने से मंत्रालय पहुँचने वाले लोगों को प्रवेश-पत्र बनवाने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए सारी तैयारियाँ हो चुकी हैं। वैसे तो स्वागतम् पोर्टल की लॉंचिंग 15 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से लॉंचिंग टल गयी है। उम्मीद जतायी जा रही है कि अगले सप्ताह इसका विधिवत शुभारंभ हो जायेगा।
बता दें कि, वर्तमान व्यवस्था में आम लोगों को प्रवेश-पत्र बनवाने के लिए काफ़ी मशक़्क़त करनी पड़ती है। लोगों को घंटों इंतज़ार करना पड़ता है। दूरदराज़ से आने वाले लोगों को पता नहीं होता है कि मंत्रालय में कितने समय के कब प्रवेश पत्र बनता है ऐसी स्थिति में आम लोग भटकते रहते हैं। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता अपनी जान-पहचान से प्रवेश पत्र हासिल कर लेते हैं , लेकिन आम लोगों के लिए इतना आसान नहीं होता है।ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद बार-बार आवेदन करने की ज़रूरत नहीं होगी। लोगों को ईमेल / एसएमएस से जानकारी मिल जायेगी।
सूत्रों के अनुसार मंत्रालय की सुरक्षा लिहाज़ से भी यह व्यवस्था कारगर सिद्ध होगी , क्योंकि मंत्रालय में आने वाले का पूरा विवरण सरकार के पास एक क्लिक में होगा । साथ ही दलाल क़िस्म के लोगों की निगरानी भी हो सकेगी। वर्तमान व्यवस्था में कभी-कभी ज़्यादा भीड़ हो जाती है, ऐसे में हर दिन होने वाली ग़ैर ज़रूरी मुलाक़ातों पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा।