सरायपाली : महतारी वंदन योजना के आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत सालाना 12 हजार रुपये दिया जाना है, जिसके लिए फॉर्म भरे जा रहे हैं. फॉर्म को ऑनलाइन भी करना है लेकिन महतारी वंदन योजना की वेबसाइट दिन के समय में ठप हो जाने से समय पर फॉर्म ऑनलाइन नहीं हो पा रहे हैं, जिससे हितग्राहियों में डर का माहौल है कि उन्हें इस योजना का लाभ मिल पाएगा या नहीं.
सरायपाली के वार्ड क्रमांक 8 से पार्षद हरदीप सिंह रैना ने सरकार से मांग की है कि महतारी वंदन योजना के फॉर्म ऑनलाइन करने की समय सीमा बढ़ाई जाए और 28 फरवरी तक का समय दिया जाए ताकि सभी पात्र हितग्राही इस योजना का लाभ ले सकें. साथ ही साथ फॉर्म कलेक्शन की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंप दी गई है जो कि ना काफी है. शहरी स्तर पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों का भी सहयोग लेकर इस कार्य को पूर्ण करना चाहिए तथा ग्रामीण स्तर पर अन्य विभागीय कर्मचारियों का सहयोग लेकर समय पर कार्य को पूर्ण करना चाहिए जिससे हर महिला हितग्राही इस योजना का लाभ ले सकें. वर्तमान में ऑनलाइन करने तथा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है उक्त दिनांक तक सभी महिला हितग्राहियों का फॉर्म ऑनलाइन होना और जमा होना संभव नहीं दिख रहा है.