सरायपाली : गवर्मेंट कॉलेज के वार्षिकोत्सव में राजनीति हावी... विधायक को नहीं बुलाने पर भड़के छात्र
शासकीय महाविद्यालय सरायपाली के वार्षिकोत्सव राजनीति की भेंट चढ़ गया। कॉलेज प्रबंधन ने विधायक को अतिथि के तौर पर बुलाना छोड़ सत्ताधारी पार्टी के नेताओं को मंच देना ज्यादा उचित समझा तभी तो आमंत्रण कार्ड में विधायक का नाम तक नहीं छापा गया है।
सरायपाली के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि कॉलेज के वार्षिकोत्सव में क्षेत्रीय विधायक को पूछा तक नहीं गया है। इसे लेकर कॉलेज के छात्र छात्राओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसे लेकर एनएसयूआई अध्यक्ष भीष्म देव पटेल, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भरत मेश्राम, भूतपूर्व छात्र एवं कांग्रेस नेता मोहसिन मेमन,अरमान हुसैन, अध्यक्ष अनस खान और युवा नेताओं ने इस संबंध में महाविद्यालय में जाकर कॉलेज प्रबंधन को जमकर खरी खोटी सुनाई। छात्र नेताओं का कहना है कि महाविद्यालय जैसे विद्या के पावन मंदिर में राजनीति करना सत्ताधारी पार्टी की ओछी और घटिया सोच को दर्शाती है।
मीडिया को जानकारी देते हुए छात्र नेताओं ने बताया कि विधायक जी को आमंत्रित ना करके सरायपाली क्षेत्र की जनता का अपमान किया गया है। क्षेत्र की जनता ने जिसे सिरे से नाकार दिया था वो अब सत्ता के नशे में मशगूल होकर फूल माला की राजनीति कर रही है। कॉलेज प्रबंधन ने सत्ता धारी नेताओं को मंच देकर कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक बना दिया है जिसका हम खुला विरोध करते है।
इस संबध में प्राचार्य द्वारा दूसरे कार्यक्रम में विधायक का सम्मान करने की बात कहते हुए ऊपरी दबाव होने की बात छात्र नेताओं को बताई गई है।
इस संबध में सरायपाली विधायक चातुरी नंद का कहना है की जिसे राजनीति करनी हैं करने दीजिए, हमे ऐसी छोटी सोच की राजनीति करके कुर्सी पे नही बैठना ,ऐसी कुर्सी उन्हें ही मुबारक और आगे कहा कि मैं अपने विधानसभा के शासकीय महाविद्यालय के छात्र छात्राओं के हित के लिए जो बने करने को तैयार हूं और करते रहूंगी।