सरायपाली : SDOP कार्यालय का घेराव करेंगे बजरंगी
बसना के एक युवक के साथ ऑनलाइन ठगी के मामले में अबतक कोई कार्यवाही नही होने के कारण राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा S D O P सरायपाली कार्यालय घेराव की तैयारी की जा रही है.
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष मोहन सोनवानी ने बताया की 28 सितम्बर को S D O P सरायपाली कार्यालय का घेराव किया जाएगा. इस दौरान जिले भर के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे. अगर S D O P द्वारा भी कार्यवाही नहीं की जाएगी तो पुलिस अधीक्षक महासमुंद का घेराव प्रांतीय टोली के द्वारा किया जायेगा, जिसमे प्रान्त के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे.
बता दें की ऑनलाइन ठगी के आरोपी के ऊपर कार्यवाही के लिए प्रार्थी किशन सेन द्वारा 24 अगस्त को बसना थाना में तौसीफ रजा के खिलाफ लिखित शिकायत की गई थी कि उसके साथ धोखाधडी कर 2 लाख 80 हजार रूपये की ऑनलाइन ठगी की गई है. जिस पर 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई, जिससे परेशान होकर आवेदक किशन सेन ने थाना परिसर में ही जहर पी लिया था.
राष्ट्रीय बजरंग दल का आरोप है की आज तक उस मामले में विधायक बसना के खास होने के कारण पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है. वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल ने इस मामले में स्थानीय थाना प्रभारी की भूमिका को भी संदेहजनक बताया है.