सरायपाली : मनरेगा में फर्जी मस्टर रोल की शिकायत, एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
जनपद पंचायत सरायपाली के ग्राम पंचायत कुसमीसरार के आश्रित ग्राम भुरसापाली में मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार रोकने तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम भूरसापाली में 5 जून से तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा है जिसमें से हरडासरार के लोगों को मेट जगत तांडे के द्वारा बुलाकर उनका फोटो खींचकर ऑनलाइन हाजरी भरा जा रहा है।
आरोप है की ऐसे लोगों का हाज़री भरा जा रहा है जो काम करने नहीं जाते हैं। इन सभी कार्यों में भ्रष्टाचार को अंजाम देने में तकनीकी सहायक योगेंद्र कुमार, मेट जगत तांडी तथा सरपंच व सचिव का हाथ है, क्योंकि जगत तांडे को बिना शासन के आदेश तथा बिना पंचायत प्रस्ताव से मेट बनाया गया है। आरोप है की जिनके नाम से ऑनलाइन हाजरी भरा जा रहा है उन्हें कमीशन दिया जा रहा है। इसी प्रकार दीवान मुड़ा तालाब में भी फर्जी मस्टररोल भरकर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।