कोण्डागाँव जिले के 300 शैक्षणिक संस्थान होंगे तंबाकू मुक्त
तंबाकू नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय स्टेक होल्डर्स को किया गया प्रशिक्षित
जिले के ग्राम सभाओं में तंबाकू नियंत्रण हेतु होगी चर्चा
कोण्डागॉव : जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तम्बाकू निंयत्रण हेतु अंतरविभागीय समन्वय को बढ़ाने एवं शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने साथ ही कोटपा एक्ट 2003 का अनुपालन के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इस दिशा में जिला स्तरीय स्टेक होल्डर्स एवं जिला स्तरीय प्रवर्तन दल के सदस्यों के क्षमता विकास हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के दौरान समाज कल्याण विभाग की उप संचालक सुश्री ललीता लकरा द्वारा जिले में नशा मुक्ति हेतु किये जा रहे प्रयास से सभी प्रशिक्षुओं को अवगत कराया गया। उनके द्वारा अपील की गयी: "अपने स्तर पर तंबाकु नशा मुक्ति सहित अन्य नशीली वस्तुओं के लत से लोगों को बचाने हेतु हर संभव प्रयास करें। सामूहिक सहभागिता से जिले को धूम्रपान मुक्त बनाया जा सकेगा एवं तंबाकू के प्रचार प्रसार में युवाओं को आगे लाने के लिए प्रयास करने, और उनमें तंबाकू मुक्ति के प्रति जागरूकता के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने की आवश्यकता है। तम्बाकू के सेवन से शरीर का हर एक अंग प्रभावित होता है, तम्बाकू के सेवन से हमें फेफड़ों का कैंसर ,लीवर का कैंसर, डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। हृदय रोग, ब्रेस्ट कैंसर, गले में पेट में अल्सर, नींद कम आना, हार्ट अटैक, लकवा, हाई बीपी की समस्या और टीबी रोग होने की संभावना सामान्य व्यक्ति की अपेक्षा कई गुना बढ़ जाती है।“
ब्लूमबर्ग परियोजना छत्तीसगढ़ के सम्भागीय सलाहकार प्रकाश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया: "आओं गॉव चले‘‘ के नारे के साथ प्रारंभिक चरण में जिले के ग्राम पंचायतों में कोटपा एक्ट 2003 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। भारत सरकार के तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कोण्डागॉव जिले को धूम्रपान मुक्त किए जाने का प्रयास जारी है। जिले में तम्बाकू नियंत्रण के लिये डब्लूएचओ द्वारा तैयार किये गए एमपॉवर (MPOWER) रणनीति का प्रयोग किया जाएगा। अर्थात मॉनिटर, प्रोटेक्ट, ऑफर, वार्न, इंफोर्स, रेज आदि। जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थाओं, कार्यालयों तथा ग्राम पंचायतों को तंबाकु मुक्त किये जाने की दिशा तेजी लाई जा रही है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 आंकड़ो के अनुसार कोण्डागॉव जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुषों में तम्बाकू उपयोग का औसत प्रतिशत 38.45 है, जिसमें 48.3 प्रतिशत पुरुष एवं 28.6 प्रतिशत महिलाएं हैं।"
राजीव गॉधी शिक्षा मिशन के जिला कार्यक्रम समन्वयक वेणुगोपाल राव द्वारा तंबाकू नियंत्रण हेतु शैक्षणिक संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुये आगामी 26 जनवरी तक जिले के 300 शैक्षणिक संस्थाओं को तंबाकू मुक्त किये जाने हेतु प्रयास किये जाने की बात कही गयी।