परीक्षा देकर लौट रहे 3 छात्रों की बस की चपेट में आने से मौत
भिलाई के धमधा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में परीक्षा देकर लौट रहे 3 छात्रों की मौत हो गयी. तीनों 12वीं के छात्र थे. बताया जा रहा है की एक सवारी बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दिया, जिससे बाइक में सवार तीनों छात्रों की मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम राटाडाह चौक के पास धमधा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के छात्र त्रैमासिक परीक्षा देकर बाइक से अपने घर देवरी लौट रहे थे. शाम करीब 5.30 बजे सामने से दुर्ग की ओर आ रही नवीन ट्रैवल्स की यात्री बस सीजी 07 E- 9909 ने ओवरटेक करते वक्त बाइक को ठोकर मार दी, जिससे दो लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक को एंबुलेंस से दुर्ग लाया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया. पुलिस ने बस को जब्त कर चालक मुकेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतकों की पहचान कोमल साहू पिता टिकाराम साहू (18), चंद्रशेखर साहू पिता नरसिंह साहू (17) और दीपक साहू पिता घनश्याम साहू (17) के रूप में हुई है.