CG News : इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, नाबालिग को भगा ले जाकर किया दुष्कर्म
भिलाई के पुलगांव थाना क्षेत्र से नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग युवती की ग्राम उमदा भिलाई-3 निवासी आरोपित ऋतु प्रसाद मंडावी (21) से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी. आरोपित ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और 7 जुलाई को भगाकर ले गया. परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पता चला कि वो कुछ महीनों से आरोपित ऋतु प्रसाद मंडावी के संपर्क में थी. 7 जुलाई से आरोपित भी अपने घर पर नहीं था. उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने नागपुर के बेसा चौक पहुंची. वहां पर आरोपित के कब्जे से पीड़िता को बरामद किया गया.
पूछताछ में पीड़िता ने दुष्कर्म किए जाने की भी जानकारी पुलिस को दी. जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ीं और उसे गिरफ्तार किया. आरोपित को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.