भीड़ ने शराबी को लात-घूंसों से भयंकर पीटा, मचा रहा था उत्पात
भिलाई के सुपेला गदा चौक शराब दुकान के पास एक शराबी की पब्लिक ने बुरी तरह पिटाई कर दी। लोगों ने उसे इतना मारा कि उसका सिर फट गया। लोगों का आरोप था कि शराब के नशे में डंडा लेकर युवक सभी को मार रहा था। इससे कई राहगीर घायल हो गए। इसीलिए उसे मारा गया। बाद में सुपला पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की अस्पताल लेकर गई।
घायल का नाम दिलीप सहारे है। वह गदा चौक के पास ही रहता है। वह मुर्गी गाड़ी चलाता है। सोमवार शाम 4 बजे के करीब वह शराब के नशे में डंडा लेकर सड़क से आने-जाने वाले लोगों को दौड़ा दौड़ा कर मार रहा था।
आसपास के लोगों व दुकान संचालकों ने उसे मना भी किया, लेकिन वह नहीं मान रहा था। दिलीप अपने पास एक पिट्ठू बैग रखा हुआ था। उस बैग को उसने एक बाइक चालक के चेहरे में फेंककर मारा इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद वह दूर घिसटता चला गया और बुरी तरह घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने बाइक सवार को उठाया। जिसके बाद लोग इतने गुस्से में आ गए कि पास पड़े बांस के डंडे से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। करीब 50 से अधिक लोगों ने लात, घूंसे व डंडे से इतना मारा कि दिलीप का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया।
आसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने डायल 112 में फोन किया, लेकिन पेट्रोलिंग टीम नहीं आई। इसके बाद भास्कर ने सुपेला टाई दुर्गेश शर्मा को मामले की जानकारी दी। टीआई ने तुरंत थाने की पेट्रोलिंग टीम और 112 की गाड़ी को मौके पर भेजा। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दिलीप को घायल हालत में 112 वाहन में बिठाया और सुपेला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका उपचार चल रहा है।