जोताई के वक्त कीचड़ में फसी ट्रेक्टर को निकालने के दौरान दबकर 1 की मौत
कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में खेत में ट्रेक्टर पलट जाने से एक युवक की नीचे दबकर मौत हो गयी. काफी मशक्कत के बाद ट्रेक्टर के नीचे फसे शव को बाहर निकाला गया. घटना के बाद वह ट्रैक्टर की नीचे ही फंस गया था. बताया गया है कि खेत जोताई के दौरान गाड़ी कीचड़ में फंस गई थी. उसे ही निकालने के दौरान ये हादसा हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोंदरो निवासी महिपाल सिंह(32) खेती किसानी का काम करता था. शुक्रवार शाम को भी वह अपना खेत जोत रहा था. खेत जोताई के दौरान ही उसका ट्रैक्टर कीचड़ में फंस गया था. ट्रैक्टर निकालने के लिए महिपाल ने आस-पास के लोगों को बुला लिया था. सभी मिलकर ट्रैक्टर निकाल रहे थे. उसी दौरान महिपाल ड्राइविंग सीट पर बैठा था.
जानकारी मिली है कि गाड़ी निकालने के दौरान अचानक से ट्रैक्टर ऊपर उठा और सीधे पलट गया. इसी के चपेट में महिपाल आ गया था. आस-पास के लोगों ने उसे तुरंत निकालने के लिए काफी मशक्कत की, पर लोगों को सफलता नहीं मिली. इसके बाद करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद उसे निकाला गया, तब तक उसकी जान जा चुकी थी. घटना के बाद परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दी गई थी. पुलिस को भी घटना की खबर दी गई थी. इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी शनिवार को सामने आ सकी है.