बाढ़ प्रभावित इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान महिला ने दिया नवजात को जन्म
बीजापुर.
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. बीजापुर जिले में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. कई गांवों में पानी भर गया है. लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए एसडीआरएफ की टीमें लगातार काम कर रही हैं. इस बीच बीजापुर ब्लॉक के गंगालुर तहसील के जारमोंगिया गांव में बाढ़ में एक गर्भवती महिला भी फंस गई. रेस्क्यू के दौरान महिला ने एक नवजात को जन्म दिया.
ग्रामीणों के रेस्क्यू के दौरान एसडीआरएफ के जवानों ने नगर सैनिकों के साथ मिलकर गर्भवती महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. महिला और नवजात को जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती करवाया गया है. बताया जा रहा है कि महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं. बता दें कि SDRF के जवानों ने अब तक जिले में 400 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया है.
वहीं, सुकमा जिले में भी बाढ़ से लोग प्रभावित हैं. ग्रामीणों की जिद पर प्रशासन ने जानवरों का भी रेस्क्यू किया.मिली जानकारी के अनुसार, भारी बारिश से पुल्ली पारा के पहाड़ में 25 लोग फंस गए. घरों पानी घुसने के चलते करीब 25 लोग अपने पशुओं को लेकर पहाड़ पर चढ़ गए थे. प्रशासन की टीम उनको राहत शिविर में ले जाने के लिए गई तो वे पशुओं को भी साथ ले चलने की जिद करने लगे. जब ग्रामीण समझाने के बाद भी नहीं माने तो पशुओं को भी ग्रामीणों के साथ सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है.