आज छत्तीसगढ़ बंद, भाजपा और व्यापारिक संगठन ने दिया हैं समर्थन
राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या के विरोध में शनिवार को छत्तीसगढ़ बंद बुलाया गया है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के इसकी अगुवाई कर रहे हैं। इस दौरान किसी तरह से हालात न बिगड़े इसे देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों के एसपी को अपने-अपने इलाकों में कानून व्यवस्था पर फोकस करने कहा गया है।
राजधानी रायपुर में 400 से भी ज्यादा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। हर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है । रायपुर के एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने शुक्रवार देर शाम तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक बैठक भी ली।
रायपुर में किसी भी तरह से शांति व्यवस्था न बिगड़े इसे लेकर संवेदनशील इलाकों में खास तैनाती की गई है। कुछ पॉइंट तय किए गए हैं। पुलिस ने क्विक रिस्पॉन्स टीम बनाई है। रिजर्व फोर्स की व्यवस्था रखी गई है। ताकि हालात बिगड़ने पर स्थिति से निपटा जा सके। एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अफसर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
भाजपा ने दी दवा और दूध कारोबार को छूट
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बंद को कामयाब बनाने बाजारों में उतर रहे हैं। रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने बताया कि दवा और दूध के कारोबार को छूट दी गई है। इसके अलावा स्कूल, पेट्रोल पंप, कॉलेज यहां तक कि सरकारी संस्थाओं को भी अपने संस्थान बंद रखने की अपील की गई है।