प्रेमिका से ही मंगवाया मिट्टी तेल माचिस धोखेबाज ने ब्रेकअप के बाद वह प्रेमिका से बदला लेने उसे जिंदा जलाना चाह रहा था
कांकेर:-प्रेमिका पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर उसे जलाने की कोशिश करने वाला आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद मामले का पूरा खुलासा हुआ। दोनों के ब्रेकअप के बाद वह प्रेमिका से बदला लेने उसे जिंदा जलाना चाह रहा था। इसी के चलते प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की साजिश रच चिल्हाटी के निकट बुलाया था। साथ ही उसे जलाने मिट्टी तेल भी बहाने से प्रेमिका से ही मंगवाया, लेकिन खुद माचिस लाना भूल गया और प्रेमिका की जान बच गई।
- कालेज की 23 वर्षीय आदिवासी छात्रा का कोरर निवासी विजय नागवंशी 26 वर्ष पिता तामेश्वर के साथ पिछले कुछ माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच युवती को जानकारी मिली की उसका प्रेमी उसके अलावा अन्य किसी के भी संपर्क में है। इसके चलते युवती ने पिछले माह प्रेमी से ब्रेकअप कर लिया था।
- इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। युवती द्वारा उपेक्षित किए जाने से प्रेमी नाराज था। वह उससे बदला लेना चाहता था। उसने प्रेमिका की हत्या की साजिश रची। प्रेमिका को दबाव बना मिलने के बहाने 18 अप्रैल को चिल्हाटी नर्सरी के निकट महुआ पेड़ के नीचे बुलाया।
- योजना के तहत प्रेमिका से कहा कि उसके एक परिचित को मिट्टीतेल नहीं मिल रहा है। उसके लिए पांच लीटर मिट्टीतेल भी ले आना। प्रेमी के बार-बार काॅल करने से परेशान प्रेमिका उससे मिलने मिट्टीतेल लेकर पहुंची। कुछ देर बाद प्रेमी भी वहां पहुंच गया। संबंधों को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ। प्रेमी ने प्रेमिका की पिटाई शुरू कर दी।
- योजना के तहत प्रेमिका द्वारा लाए मिट्टीतेल को उस पर उंडे़ल दिया, लेकिन जब अपने जेब में माचिस तलाश की तो नहीं मिली। इसी बीच प्रेमिका के चीखने-चिल्लाने से नर्सरी में काम कर रहे मजदूर वहां पहुंच गए और उसे कोरर थाना पहुंचाया।
युवती की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
- मामला दर्ज होने के अगले दिन गुरूवार को पुलिस ने दोपहर तीन बजे प्रेमी को उसके निवास से हिरासत में लिया। उसके निशानदेही पर घटनास्थल से मिट्टी तेल का जरकीन व उसके घर से कपड़े बरामद किए। इसके पूर्व ही प्रेमिका ने मिट्टीतेल से सने अपने कपड़े पुलिस को सौंप दिए। मामले में इसे बड़े सबूत के तौर पर देखा जा रहा है।
- कोरर थाना प्रभारी भानुप्रताप साव ने बताया कि युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। युवक ने ही युवती से ही मिट्टी का तेल मंगवाया था। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।