कोटा में 17 वर्षीय कोचिंग छात्रा की हत्या, जंगल में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ की एक 17 साल की छात्रा की राजस्थान के कोटा में किडनैप कर हत्या कर दी गई है. इस घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख जताया और संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने आईजी बिलासपुर को राजस्थान पुलिस से समन्वय कर शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार करने में सहयोग करने के निर्देश दिए.
इस मामले में मुख्यमंत्री ने आईजी को हर संभव सहयोग करने के निर्देश दिए हैं. बिलासपुर की रहने वाली ये छात्रा कोटा में 12वीं की पढ़ाई के साथ ही NEET की तैयारी कर रही थी. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक माह पहले ही उसने दाखिला लिया था और वह छात्रा तीन दिन से लापता थी.
जानकारी के मुताबिक छात्रा कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र एक हास्टल में रहती थी. छात्रा का शव रावतभाटा रोड स्थित कोटा डैम के पास जंगलों में बुधवार देर शाम मिला है. पुलिस दो दिनों से छात्रा की तलाश कर रही थी. पुलिस ने मंगलवार को ही अपहरण का केस दर्ज किया था.
छात्रा का नाम आलिया खान (17 ) बताया जा रहा है. वहीं वे न्यू राजीव गांधी नगर में हॉस्टल में रहकर एलन कोचिंग संस्थान से मेडिकल की तैयारी कर रही थी. वह 12वीं में थी. दो दिन पहले उसका फोन बंद आया तो परिजनों ने कोटा पुलिस से संपर्क किया. छात्रा की लोकेशन कोटा डैम के पास मिली थी.
छात्रा से मिलने गुजरात से आया था युवक
जिस कोचिंग छात्रा आलिया की हत्या की गई है, वो पिछले कुछ समय से गुजरात निवासी एक युवक के संपर्क में थी. प्रथम दृष्टया दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से होना सामने आया है. पड़ताल में सामने आया है कि युवक 4 जून को गुजरात से कोटा आया था.
वो 5 जून को छात्रा के संपर्क में आया और दोनों घूमने के लिए कोटा डैम की तरफ गए थे. उसके बाद से छात्रा लापता थी. लेकिन, युवक ने न तो पुलिस से संपर्क किया और न छात्रा के परिजनों को कुछ बताया. पुलिस जांच में सामने आया कि युवक गुजरात फरार हो गया है. बुधवार रात को कोटा पुलिस की टीमें गुजरात के लिए रवाना हो गई. पुलिस ने आरोपी युवक को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी को कोटा लाने की तैयारी की जा रही है.