CG News : तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को मारी जोरदार ठोकर, दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत, दो बच्चे घायल
दुर्ग। जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर है। बाइक में पत्नी व दो बच्चों को लेकर पति ससुराल जा रहा था। सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में पति और पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डौकीडीह निवासी नोहर लाल साहू (30 साल) अपनी पत्नी दामिनी साहू (24वर्ष) व दो बच्चों को लेकर अपने ससुराल ग्राम कोनारी जा रहा था। वह लोग मोपेड में सवार होकर जैसे ही ग्राम अंडा आबादी पारा फुंडा मार्ग पर रिसामा गांव के पास पहुंचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई है। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 की मदद से बच्चों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस को फोन किया।
खबर लगने पर अंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव की शिनाख्त कर उसे पीएम के लिए अस्पताल भेजा। दुर्घटना की जनकारी मृतक परिवार को दे दी गई। जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर ने मृतक के परिवार को अपनी तरफ से 20 हजार रुपए की सहायता प्रदान किया है।
सड़क दुर्घटना होने के बाद कंटेनर चालक घटनास्थल से फरार हो गया था। अंडा पुलिस ने तुरंत पुलगांव पुलिस को अलर्ट किया। कंटेनर चालक पुलगांव में गिरफ्तार हुआ। अंडा पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और कुछ नेताओं ने भीड़ को समझाया इससे विरोध खत्म हुआ।