फांसी के फंदे पर लटकते मिली हेड कांस्टेबल की लाश
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में हेड कांस्टेबल की लाश थाने के मालखाने में फंदे से लटकते मिली. हेड कांस्टेबल का बेटा जब उसे ढूंढते हुए थाने पहुंचा तो देखा की वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ है. आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव पुलिस में हेड कांस्टेबल टेकराम ध्रुव की ड्यूटी मालखाने में लगी थी. वह मालखाने के प्रभारी भी थे. रविवार दोपहर करीब 12 बजे टेकराम ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचे. इसके बाद शाम करीब 7 बजे किसी काम के लिए जाने की बात कहकर घर से निकल गए. इसके बाद वह नहीं लौटे. जब देर रात तक टेकराम घर नहीं आए तो बेटा उनकी तलाश में निकला.
हेड कांस्टेबल का बेटा आसपास पता करने के बाद थाने पहुंच गया. वहां थाना परिसर में ही टेकरासम की बाइक खड़ी थी. इस पर उसने थाने में जानकारी जुटाई, तो किसी ने भी टेकराम को नहीं देखने की बात कही. फिर पुराने थाने की बिल्डिंग में फर्स्ट फ्लोर पर बने मालखाने में उन्हें तलाश करने पहुंचे, तो देखा कि कमरे में फांसी से शव लटक रहा था.