छत्तीसगढ़: “पुष्पा” के अंदाज में सवा करोड़ का गांजा तस्करी करते व्यक्ति गिरफ्तार
कोंडागांव पुलिस ने “पुष्पा” के अंदाज में गांजा की तस्करी करते हरियाणा के एक व्यक्ति को 648 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है. तस्कर से बरामद गांजे की कीमत 1 करोड़ 30 लाख रुपए है. तस्कर आंध्र प्रदेश से ट्रक में वाटर फिल्टर मशीन के अंदर प्लास्टिक के लगभग 290 पैकेट में गांजा छिपाकर ला रहा था, जिसे कोंडागांव में वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गांजा तस्करों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने NH-30 पर चेकपोस्ट लगाया है. वाहनों की चेकिंग के दौरान जगदलपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक को पुलिस ने रुकवाया था. ट्रक में वाटर फिल्टर मशीन रखी हुई थी. जब जवान ट्रक में चढ़े और मशीन को देखा तो उस दौरान जवानों को गांजे की गंध आने लगी. इसके बाद मशीन को नीचे उतरवाकर खुलवाया गया.
तस्कर ने अपना नाम सतबीर उर्फ गुर्जर (58) बताया है जो हरियाणा का रहने वाला है. तस्कर ने पुलिस को बताया कि वो आंध्र प्रदेश से गांजा की तस्करी कर CG के रास्ते हरियाणा लेकर जा रहा था. हरियाणा के मार्केट में वहां के किसी लोकल तस्कर तक गांजा पहुंचाना था. पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है.