आज से खुलेंगे सभी शैक्षणिक संस्थान, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
दुर्गः कोरोना के नए मामलों में कमी आने के बाद अब जिला प्रशासन जिले में पाबंदियों को कम कर रही है। इसी बीच अब जिला प्रशासन ने बुधवार से जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं को फिर से खोलने का फैसला लिया है। वहीं होटल, ढाबा रात 12 बजे तक खुलें रहेंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अब धार्मिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों, विवाह और दशगात्र में आयोजन स्थल की क्षमता के 50% मेहमानों की उपस्थिति में कराने की अनुमति होगी। सभी मॉल, जिम, सिनेमाघर, ऑडिटोरियम, स्विमिंग पूल को 50% की क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति होगी।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे है। अलग-अलग जिलों से मिल रहे मरीजों की संख्या में भारी कमी आई है। बीतें 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 571 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं, 2081 संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। जबकि पिछले 24 घंटे में 5 संक्रमितों की मौत हो गई। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 6394 पर आ गया है। वहीं, वर्तमान में प्रदेश में अब पॉजिटिविटी रेट 1.73 प्रतिशत है।