बकाया राशि हेतु विद्युत विभाग ने प्रारंभ किया अभियान, एक ही दिन में 130 बकायादारों की कटी विद्युत लाइन
सरायपाली: विद्युत विभाग द्वारा सरायपाली में बकाया राशि वसूली हेतु दिनांक 20 जनवरी 2022 से विशेष अभियान चलाया गया. इसके तहत कुल 8 अधिकारियों के नेतृत्व में 32 कर्मचारियों की 8 टीमें गठित की गई. विभागीय वाहन में आवश्यकतानुसार विद्युत कनेक्शन विच्छेदन के कार्य हेतु के कार्य पर लगाए गए. इस सख्त कार्रवाही के प्रारंभ होते ही देयकों में अपने बकाया राशि के भुगतान हेतु हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग अपने देयकों के निराकरण हेतु कार्यालय पहुंचे. उपस्थित अधिकारीयों एवं कर्मचारीयों द्वारा तत्काल निराकरण कर उपभोक्ताओं की समस्यायों का निपटारा किया गया.
कई उपभोक्ताओं द्वारा मीटर रीडरों द्वारा बहकाने का प्रयास किए जाने जिसमें रीडिंग कम भरी जाने, बिल माफ कराए जाने, बिल कम कराए जाने, तथा मीटर बंद करवा दिए जाने संबंधित शिकायतें शामिल हैं. उपभोक्ताओं से निवेदन है कि इस प्रकार बहकावे में आकर कोई ऐसा कार्य ना करें जिससे अप्रिय स्थिति निर्मित हो तथा उपभोक्ता बड़ी मुसीबत में आ जावें.
एक ही दिन में सरायपाली शहर के 130 बकायादारों की लाइन काट दी गई. जिन पर 28 लाख रुपए शेष था. इनके द्वारा लंबे समय से भुगतान नहीं किया जा रहा था. अभियान के फलस्वरुप जहां मासिक ड्यू डेट में 3 लाख रुपए साधारणतः प्राप्त होता है वहां एक दिन में बकायादारों द्वारा 10 लाख रुपए का भुगतान एटीपी में किया गया. 23 बकायादारों द्वारा लगभग 3 लाख रुपए का भुगतान ऑनलाइन कर दिया गया.
समस्त शासकीय कार्यालयों से भी संपर्क किया गया, जिनके निवेदन पर एक-दो दिन की मोहलत दी गई, प्रदत्त समयावधि में भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में ऐसे कनेक्शन भी विच्छेदित किए जाएंगे. यह अभियान लगातार जारी रहेगा.