माध्यमिक शिक्षा मंडल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी ,मार्च के पहले सप्ताह से शुरू होगी
रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 2021-22 के शैक्षणिक सत्र में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। माशिमं के अधिकारियों के अनुसार इस साल 10वीं और12वीं बोर्ड परीक्षाएं मार्च महीने से ही शुरू की जाएंगी।
माशिमं द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2021-22 में बोर्ड परीक्षा देने के लिए कक्षा 10वीं में तकऱीबन 3 लाख 90 हज़ार और 12वीं में 2 लाख 92 हज़ार परीक्षार्थियों ने पंजीयन फार्म भरा है। परीक्षा किस तरीके से आयोजित होगी, इस संबंध में अभी किसी भी तरह का दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।
असाइनमेंट जमा करना जरूरी
कोरोना काल में स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल खोलने का निर्देश स्कूलों को जारी कर दिया है। स्कूल ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों तरीके से संचालित किए जा रहे है। इस लिहाज़ से मंडल ने इस बार भी 10वीं और 12वीं के बच्चों के लिए पिछली बार की तरह असाइनमेंट अस्समेंट रखा है। जिसमें छात्रों को हर सब्जेक्ट के लिए 6 असाइनमेंट ज़ारी किए जाएंगे। असाइनमेंट नहीं देने की स्थिति में मंडल उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल होने से रोक सकता है।
असाइनमेंट के जुड़ेंगे 30 प्रतिशत अंक
माशिमं की प्रैक्टिकल परीक्षा स्कूलों में होने वाली छमाही परीक्षा के बाद होगी, संभवत: जनवरी महीने में प्रैक्टिकल एग्जाम लिए जा सकते है। वहीं इस बार 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में होम असाइनमेंट के अंक भी जुड़ेंगे। प्राप्तांकों के आधार पर माशिमं की मुख्य परीक्षा 2021-22 में प्रत्येक विषय में 30 प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन के रूप में मान्य किए जाएंगे।