सरायपाली : सरपंच-सचिव पंचायत से नदारद, योजना का लाभ लेने भटकते ग्रामीण....
सरायपाली विकासखंड से सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत मोहनमुड़ा के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं और शासकीय योजनाओं से वचिंत हो रहे हैं. ग्राम मोहनमुड़ा के उप सरपंच ने बताया कि यहाँ एपीएल राशनकार्ड बनाने के लिए लोग भटक रहे हैं वहीं विकलांगों को भी पंचायत द्वारा किसी प्रकार की जानकारी उपलब्ध नहीं करवाने के कारण विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने से भी वचिंत रह गए हैं. इसी प्रकार कई अन्य समस्याओं से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है.
आगे उप सरपंच ने कहा कि ग्राम पंचायत के सरपंच सरायपाली में रहते हैं और सचिव भी कभी पंचायत मुख्यालय नहीं आते है और अभी तक पंचायत में ग्राम सभा नहीं लिया गया है. पंचायत के कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं. जिसकी शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी सरपंच सचिव की कार्यशैली से अवगत कराया परंतु आज तक कोई सुधार नही हुआ है. और ग्राम वासीयों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
बहरहाल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्राम पंचायतों में अनेक जन हितैषी योजनाओं के माध्यम से गाँवो का विकास करने के लिए भारी भरकम राशि खर्च की जा रही है. जिससे ग्रामीणों क्षेत्र के लोगों का संर्वागिण विकास हो सके और हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं मिल सके परंतु अधिकारियों द्वारा मानिटरिंग के अभाव तथा लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है.