ओडिशा सरकार उपलब्ध नहीं करा पा रही मूलभूत सुविधाएं इसलिए छत्तीसगढ़ में शामिल होना चाहते हैं 18 गांवों के ग्रामीण.
छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे ओडिशा के बरगढ़ जिले के चरदापाली ग्राम पंचायत के 18 गांव के ग्रामीण छत्तीसगढ़ में शामिल होना चाहते हैं. ग्रामीणों की शिकायत है कि आजादी के बाद से उन्हें ओडिशा सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही है. इसके लिए वे बार-बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है. इसलिए अब वे छत्तीसगढ़ राज्य में शामिल होना चाहते हैं. इसे लेकर ग्रामीण छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा में आंदोलन पर बैठ गए हैं.
ज्ञात हो कि गुरुवार को आंदोलन में शामिल होने के लिए ग्रामीणों के बुलावे पर सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद आंदोलन स्थल पहुंचे थे. यहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सीएम भूपेश बघेल से चर्चा करने का आश्वासन दिया था. इसके बाद से बरगढ़ समेत ओडिशा में हड़कंप मचा हुआ था.
चरदापाली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव गुनचाडीह, चरदापाली, गस्तीडीह, लोहंड़ीपुर, लुहुराकोट सहित कुल 18 गांव के चार हजार से अधिक लोग इन दिनों ओडिशा सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हैं.
ग्रामीणों की एक ही मांग है कि उनके गांवों को छत्तीसगढ़ में शामिल किया जाए. आंदोलनरत ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से आज तक उन्हें मूलभूत सुविधाएं नसीब नहीं हुई है. इसलिए वे अब छत्तीसगढ़ राज्य में शामिल होना चाहते हैं.