नारायणपुर में सीएफ के जवान ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी, जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था जवान
गुरुवार सुबह CAF के एक जवान ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली जवान के सिर में लगी, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान आमदई खदान में तैनात था और चार दिन पहले ही छुटि्टयां मनाकर घर से ड्यूटी पर लौटा था। जवान के खुदकुशी करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल उसके शव को अस्पताल भिजवा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर के बालधरोद निवासी धर्मेंद्र गबेल (36) CAF 9वीं BN कंपनी में जवान था। उसकी ड्यूटी जिला मुख्यालय से करीब 54 किमी दूर आमदई खदान में लगी थी। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र ने गुरुवार सुबह अपने दो साथियों के साथ नाश्ता किया। इसके बाद पहाड़ी पर एकांत में जाकर बैठ गया। सुबह करीब 8.30 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे तो धर्मेंद्र का शव पड़ा हुआ था।
जवान ने खुद की राइफल से गोली मारी है। गोली लगने से सिर के चीथड़े उड़ गए। सूचना पर SDOP अर्जुन कुर्रे और थाना प्रभारी मनोज सिंह पहुंचे और जवान के शव को पहाड़ी से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उसके परिवार को भी सूचना दे दी गई। फिलहाल पुलिस खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है।