सरायपाली का गुड़ाखू कारखाना हुआ सील.
लॉकडाऊन के बाद गुड़ाखू, तंबाकू, गुटका आदि बेचने पर शासन ने प्रतिबंध लगा दिया है. शहर सहित ग्रामीण अंचल में चोरी-छिपे गुड़ाखू, तंबाकू के दाम को कई गुना बढ़ा कर बेचा जा रहा है.
इसी तरह सरायपाली के गुडाखू कारखाना में भी चोरी-छिपे गुड़ाखू बेचने की सूचना पर तहसीलदार ने अपनी टीम के साथ दबिश दी और मौके पर कई डब्बों में भरा गुड़ाखू पाया गया. उनके द्वारा कारखाना को सील किया गया है.
तहसीलदार ने बताया कि उनको लगातार शिकायत मिल रही थी कि मीरा गुड़ाखू कारखाना में मुख्य दरवाजे के अलावा अन्य दरवाजों की ओर से गुड़ाखू को अधिक दामों में बेचा जा रहा है.
सूचना पर तहसीलदार युवराज कुर्रे, आर आई, पटवारी, नगरपालिका की टीमने कल 2 मई की शाम को कारखाना में दबिश दी तो वहां से निकलने के कई रास्ते दिखे.
मौके पर 5 किलो का 109 नग गुड़ाखू डब्बा, 50 ग्राम का 5 पैकेट, 1 किलो का 72 डब्बा, आधा किलो का 192 डब्बा भरा हुआ गुड़ाखू पाया गया. कारखाना तो बंद मिला लेकिन डब्बों में भरे हुए गुड़ाखू पाए जाने से कारखाना को आगामी आदेश तक सील किया गया है.