धूमधाम से मनाया गया अंचल में होली का त्यौहार
सरायपाली. रंग-गुलाल और नाच गाने के साथ पूरे अंचल में धूमधाम से होली का त्यौहार मनाया गया. बच्चों एवं युवाओं में सबसे अधिक उत्साह देखा गया. सुबह से दोपहर तक कई टोलियों में बँटकर लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई देते रहे. हालांकि बोर्ड परीक्षाएं चलने के कारण कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के बच्चे होली का भरपूर आनंद नहीं ले पाए. अधिकांश विद्यार्थी नाम मात्र के लिए होली खेलकर पुनरू अपने घरों को वापस हो गए.
प्रति वर्ष अंचल में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है. इस वर्ष भी होलिका दहन के दिन से ही शहर में त्यौहार को लेकर काफी चहल पहल रही और रंग गुलाल व मिष्ठान्न की दुकानों के अलावा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान लगभग बंद रहे. जो दुकानें खुली थी, उनमें भी ग्राहकी अन्य दिनों की अपेक्षा बहुत कम रही. मंगलवार को सुबह से ही बच्चों की टोली घरों से निकलकर लोगों को रंगना शुरू कर दिए थे. ढोल नगाड़ों के साथ युवाओं ने भी उत्साह पूर्वक होली का त्यौहार मनाया. नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भी इस वर्ष होली की काफी धूम रही. नगाड़ों के साथ-साथ डी जे की धुन में बच्चे व युवा जगह-जगह नाचते एवं एक दूसरे को होली की बधाई देते हुए देख गए. शहर के अनेक स्थानों व जुलूस पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रही. शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने में पुलिस का भी बड़ा योगदान रहा. ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर टोलियों द्वारा डी जे की धुन के साथ ग्राम भ्रमण किया गया एवं एक दूसरे को होली की बधाई दी गई. इस दौरान कहीं-कहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए डीजे को बंद करवाया.
पुलिस स्टॉफ ने बुधवार को मनाया होली
मंगलवार को होली के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में मुस्तैदी के साथ पुलिस की टीम जगह-जगह तैनात रही. इसके कारण थाना प्रभारी श्रीमती मल्लिका तिवारी के द्वारा होली के अगले दिन बुधवार को समस्त पुलिस स्टॉफ के लिए होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें पुलिस कर्मियों ने भी जमकर होली खेली.
कोरोना वायरस के कारण बाजार से गायब रहे चीनी सामान
विगत वर्षों में होली के अवसर पर बड़ी मात्रा में चायनीज सामान जैसे रंग गुलाल, मुखौटे आदि बाजार में देखे जाते थे, लेकिन इस वर्ष कोरोना वायरस का खौफ इतना अधिक रहा कि किसी भी प्रकार के चायनीज सामान होली बाजार से गायब रहे.