नक्सल प्रभावित इलाके में भाजपा नेता की हत्या, गोली मारकर जंगल की तरफ भागे हत्यारे
भाजपा नेता रमेश गावड़े, इनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जिले के दुर्गुकोंदल इलाके की घटना घर के सामने हुई नेता की हत्या
पुलिस जुटी जांच में नक्सलियों के इस घटना में शामिल होने की पुष्टि नहीं
कांकेर जिले के दुर्गु कोंदल में शुक्रवार की दोपहर भाजपा नेता की हत्या कर दी गई। मृतक रमेश गावड़े हैं जो कि पूर्व जनपद सदस्य एवं परिवहन संघ के उपाध्यक्ष रह चुके थे। रमेश को उनके घर के सामने ही गोली मारकर हत्यारे जंगल की ओर भाग गए। जिस वक्त यह घटना हुई भाजपा नेता परिवार के साथ मेला जाने के लिए निकल रहे थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। नक्सली प्रभावित इलाका होने की वजह से घटना में नक्सलियों के शामिल होने की चर्चा है मगर पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक रमेश अपने घर के बाहर अपने परिजनों का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे। रमेश का ध्यान बंटाने बातें करने लगे फिर गोली मारकर भाग गए। एडिशनल एसपी पखांजूर राजेंद्र जायसवाल, एसडीओपी भानूप्रतापपुर अमोलक सिंह ढिल्लों और थाना प्रभारी अजय साहू मौके पर पहुंचे हैं और आस.पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।